हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। सरकारी नौकरी दिलाने और बड़े अधिकारियों से करीबी संबंध होने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को ठूठीबारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर करीब 63 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से कई पहचान संबंधी दस्तावेज और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को विभिन्न विभागों का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद सरकारी नौकरी लगवाने, तबादला कराने तथा अधिकारियों से विशेष संपर्क होने का दावा कर लोगों से मोटी रकम वसूलता था। शिकायतों और जांच के दौरान उसके खिलाफ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी के साक्ष्य सामने आए।
बताया गया कि मामले के उजागर होने के बाद आरोपी फरार चल रहा था। उसकी तलाश में जुटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर ठूठीबारी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनीत कुमार सिंह (30 वर्ष) पुत्र चन्द्रिका सिंह निवासी बासपार कोठी, थाना श्यामदेउरवा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। वह एम.कॉम तक शिक्षित बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के पास से तीन आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वह इन दस्तावेजों और मोबाइल फोन का उपयोग लोगों को प्रभावित करने तथा अपने प्रभाव का झूठा प्रदर्शन करने में करता था।
थाना ठूठीबारी में दर्ज मुकदमे के तहत आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि ठगी के इस नेटवर्क में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।

