CEIR पोर्टल से महराजगंज पुलिस की बड़ी सफलता, 35 लाख रुपये के 110 खोए मोबाइल लौटाए

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


चार माह में 417 मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे, तकनीक आधारित पुलिसिंग की मिसाल

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में महराजगंज पुलिस की सर्विलांस सेल ने तकनीक आधारित पुलिसिंग का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से 110 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, पिछले चार माह के दौरान सर्विलांस सेल ने कुल 417 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 25 लाख रुपये है, बरामद कर उनके मालिकों को वापस दिलाए हैं। यह कार्रवाई IMEI आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक सर्विलांस तकनीकों के माध्यम से की गई।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और महराजगंज पुलिस तथा पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी का आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग समय की आवश्यकता है और CEIR पोर्टल के प्रभावी उपयोग से नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराएं और निकटतम थाना या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।


इस सफलता में सर्विलांस सेल के कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी शिवानंद पासवान, मुख्य आरक्षी मोहम्मद कुतुबुद्दीन, राजकुमार राजभर, आलोक पांडेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार गोंड सहित जनपद के सभी थानों पर CEIR पोर्टल से जुड़े कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *