हनुमानगढ़ी के समीप नाले से अज्ञात युवक का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। शहर के हनुमानगढ़ी क्षेत्र स्थित बलिया नाले में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जलकुंभी के बीच फंसे शव से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नाले से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर था। मौके से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव कई दिनों से नाले में पड़ा था।


सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के लिए जिले एवं आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *