हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो गोरखपुर
गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के देवाश स्वर्ण कला केन्द्र में 27 अप्रैल को हुई लूट की कोशिश दुकान संचालक की बहादुरी और सूझबूझ से विफल हो गई। घटना के समय दुकान पर पिता-पुत्री मौजूद थे। दो अज्ञात युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और चांदी की अंगूठी दिखाने को कहा।
जैसे ही अमृता वर्मा अंगूठी दिखाने लगीं, दोनों युवकों ने मौके का फायदा उठाकर पास में रखा झाली का पुड़िया उठाया और भागने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना में अमृता वर्मा ने घबराने के बजाय साहस का परिचय देते हुए आरोपियों का सामना किया, जिससे उनकी मंशा पूरी नहीं हो सकी और बड़ी वारदात टल गई।
सूचना मिलते ही गोरखपुर पुलिस सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस तेज कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर ने अमृता वर्मा के साहस की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बहादुरी समाज के लिए प्रेरणादायक है और अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश देती है।

