बेटी की शादी के लिए बनवाया फर्नीचर, भुगतान के बाद भी नहीं मिला सामान; व्यापारी पर धोखाधड़ी का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

महराजगंज। बेटी की शादी के लिए फर्नीचर तैयार कराने के नाम पर हजारों रुपये लेने के बावजूद सामान उपलब्ध न कराने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित का कहना है कि कई बार संपर्क करने के बावजूद न तो पूरा फर्नीचर मिला और न ही जमा की गई रकम वापस की गई।
कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी बढ़ईपुरवा निवासी अकबर पुत्र जमालुद्दीन ने भिटौली थाने में दिए गए शिकायती पत्र में बताया है कि उन्होंने धर्मपुर रोड स्थित पकड़ी बिशनपुर चौराहे पर संचालित एक फर्नीचर प्रतिष्ठान से बेटी के विवाह के लिए फर्नीचर तैयार कराने का ऑर्डर दिया था। इसके एवज में उन्होंने किस्तों में कुल 47,400 रुपये का भुगतान किया, जिसमें नकद और ऑनलाइन दोनों माध्यम शामिल हैं।

शिकायत के अनुसार भुगतान के बाद प्रतिष्ठान संचालक ने केवल एक पुराना बेड और दो कुर्सियां उपलब्ध कराईं। जब सामान की गुणवत्ता और अधूरी डिलीवरी को लेकर सवाल उठाया गया तो जल्द ही पूरा फर्नीचर देने तथा दिए गए सामान को बदलने का आश्वासन दिया गया। आरोप है कि इसके बाद महीनों तक टालमटोल की जाती रही।
पीड़ित का कहना है कि विवाह संपन्न हुए नौ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो बाकी फर्नीचर मिला और न ही रकम वापस की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यापारी अब फोन कॉल का भी जवाब नहीं दे रहा है।

मामले को लेकर अकबर ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि शादी के लिए जोड़ी गई मेहनत की कमाई फंस जाने से परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा है और अब उन्हें पुलिस कार्रवाई से ही राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *