हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
सिसवा मुंशी /महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवा बुजुर्ग नूरन टोला निवासी एक युवक की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार बेलवा बुजुर्ग नूरन टोला निवासी अनिल प्रसाद (35) पुत्र स्वर्गीय कन्हई प्रसाद रविवार को किसी आवश्यक कार्य से सिसवा मुंशी चौराहे गए थे। वहां से वापस घर लौटते समय उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला मुख्यालय महराजगंज ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अनिल प्रसाद परतावल में साइकिल पंचर की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
मृतक अपने दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई का नाम गोरख बताया गया है। परिवार में पत्नी अर्जिना और दो पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री की उम्र लगभग छह वर्ष तथा छोटी की उम्र तीन वर्ष बताई जा रही है। पति की मौत के बाद पत्नी अर्जिना का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

