4.54 करोड़ की तटबंध परियोजना अधूरी, रोहिन नदी के कटाव से बढ़ी चिंता; ग्रामीणों ने उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


जलस्तर बढ़ने से अधूरे हिस्सों में तेज हुआ कटाव, बाढ़ की आशंका के बीच निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। लक्ष्मीपुर विकासखंड के ग्राम सभा खालिकगढ़ के टोला बशहवा स्थित रोहिन नदी के किनारे चल रही कटाव निरोधक परियोजना समय पर पूरी न होने से स्थानीय ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग तीन माह बीत जाने के बावजूद तटबंध निर्माण अधूरा पड़ा है। इस बीच रोहिन नदी का जलस्तर बढ़ने से कई स्थानों पर कटाव तेज हो गया है, जिससे बरसात के मौसम में बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, अराजी सुबाइन–सुबेदारपुर बाएं तटबंध को सुरक्षित करने के लिए ₹4.54 करोड़ (454.75 लाख रुपये) की कटाव निरोधक परियोजना स्वीकृत की गई थी। यह कार्य नाबार्ड की RIDF-XXXII योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में सिंचाई खंड-2, महराजगंज द्वारा कराया जा रहा है।


परियोजना के अंतर्गत किमी 1.640–1.820, 6.340–6.480 तथा 7.850–8.150 तक कटाव रोकने के लिए निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इसका निर्माण कार्य सरकार बहादुर सिंह, धौरहरा (लखीमपुर खीरी) की फर्म को सौंपा गया है। परियोजना की निगरानी कनिष्ठ अभियंता इं. कृष्ण मुरारी सिंह, सहायक अभियंता इं. जितेंद्र कुमार पटेल तथा अधिशासी अभियंता इं. राजीव कपिल के जिम्मे है।


ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित समय में कार्य पूरा न होने से तटबंध के कई हिस्से अधूरे हैं। बढ़ते जलस्तर के कारण इन्हीं स्थानों पर तेजी से कटाव हो रहा है, जिससे तटबंध की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो आसपास के गांवों और कृषि भूमि को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।


स्थानीय लोगों ने सिंचाई विभाग पर समय रहते आवश्यक कदम न उठाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण करने, निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा कटाव प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।


ग्रामीण उमेश, दीपक, सुरेश, राजेंद्र, धर्मेंद्र कुमार, कमला देवी, मोहन और मोहिनी सहित अन्य लोगों ने जनहित में शासन स्तर पर परियोजना की समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *