हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने पिछले दो माह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 अपराधियों पर गुंडा एक्ट तथा चार गैंग के 11 सदस्यों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अप्रैल और मई 2026 के दौरान जनपद भर में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया जो आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहते हुए समाज में भय और आतंक का माहौल पैदा कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत कुल 49 अभियुक्तों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं संगठित अपराध में लिप्त चार गैंग के 11 सदस्यों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपराध में संलिप्त व्यक्तियों की लगातार निगरानी की जाए तथा उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

