हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज शहर के शास्त्रीनगर वार्ड संख्या 22 में एक परिवार के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, जिस पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शास्त्रीनगर निवासी अखिलेश पांडेय के अनुसार, 27 मई की तड़के वह अपने परिवार के साथ वैष्णो देवी दर्शन के लिए रवाना होने की तैयारी में थे। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोग उनके घर के बाहर पहुंचे और कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ हाथापाई की गई तथा अपशब्द कहे गए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
मामले में पुलिस ने अनुज उर्फ विकास, संध्या देवी, माला और अंकिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी निर्भय सिंह के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

