दिल्ली तक पहचान रखने वाला बजहा उर्फ अहिरौली गांव बदहाल, कीचड़ से सनी सड़कें बनीं ग्रामीणों की मुसीबत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

महराजगंज। विकास के दावों के बीच निचलौल विकासखंड की ग्राम सभा बजहा उर्फ अहिरौली की बदहाल सड़कें व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। प्रदेश ही नहीं, बल्कि दिल्ली तक अपनी पहचान बना चुका यह गांव आज कीचड़ और जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। बरसात के चलते गांव की कई सड़कें दलदल में तब्दील हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जमा कीचड़ के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि बुजुर्ग और महिलाएं गिरने के डर से घरों से निकलने से बच रही हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी इन रास्तों से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।

समस्या से परेशान ग्रामीणों ने गांव की बदहाल सड़कों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़कें पूरी तरह कीचड़ से ढकी नजर आ रही हैं और लोग मुश्किल हालात में आवागमन करते दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि बरसात आते ही हर वर्ष यही स्थिति बन जाती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराया जाए और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

अब देखने वाली बात होगी कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो का प्रशासन संज्ञान लेकर कितनी जल्द कार्रवाई करता है और ग्रामीणों को बदहाल सड़कों से निजात दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *