पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया शिलान्यास, क्षेत्र के सामाजिक व शैक्षिक विकास को मिलेगी नई दिशा
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल को गुरुवार को विकास की एक और बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत बनने वाले कल्याण मंडप तथा मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत स्थापित होने वाली डिजिटल लाइब्रेरी का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। दोनों परियोजनाओं पर लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत आएगी।
शिलान्यास समारोह में मुख्य अतिथि पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने आचार्य पंडित छोटू बाबा द्वारा वैदिक विधि-विधान से कराए गए भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता बलराम उपाध्याय ने किया।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कल्याण मंडप नगर पंचायत ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। वहीं डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों, युवाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
अपने संबोधन में विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार नगर क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक संरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि परतावल में बनने वाला कल्याण मंडप और डिजिटल लाइब्रेरी क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे तथा आमजन को आधुनिक और उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नगर आत्मनिर्भर एवं सुविधासंपन्न बने।
समारोह में ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा, वरिष्ठ नेता बलराम उपाध्याय, विधायक प्रतिनिधि नंदू दूबे, नामित सभासद काशीनाथ सिंह, तेजप्रताप मोदनवाल, नागेश कशौधन, सभासद अजय पटेल, विनय सिंह, रिंकू सिंह, राकेश गुप्ता, शिवेन्द्र सिंह, सभासद प्रतिनिधि भगवान दत्त पाण्डेय, मिथिलेश गौतम, मंजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सभासद एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने नगर पंचायत परतावल को मिली इस महत्वपूर्ण सौगात का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।

