टेंट लगाते समय करंट की चपेट में आया युवक, जिला अस्पताल रेफर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार / महराजगंज। जनपद अंतर्गत कोठीभार थाना क्षेत्र के बुढ़वा टोला में गुरुवार दोपहर बहुभोज कार्यक्रम के दौरान टेंट लगाते समय एक युवक बिजली के तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुढ़वा टोला निवासी छट्टी लाल के घर बहुभोज का कार्यक्रम आयोजित था, जहां टेंट लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वार्ड नंबर 2 लोहिया नगर निवासी आदित्य विश्वकर्मा (पुत्र रमेश विश्वकर्मा) टेंट लगाने के दौरान अचानक बिजली के तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से उसके दोनों पैर गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *