निचलौल (महराजगंज)। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम धमऊर में मंगलवार सुबह एक 20 वर्षीय युवती ने घर के अंदर ओढ़नी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अंकु साहनी (20) पुत्री सुन्नर निवासी ग्राम धमऊर, थाना निचलौल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अंकु मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका उपचार चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे उसने घर के अंदर ओढ़नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची निचलौल थाना पुलिस ने फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

