हादसों से भी नहीं मिली सीख! गोपाला में सड़क पर बहता नालियों का गंदा पानी, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा/महराजगंज।  विकासखंड सिसवा के ग्राम गोपाला में मुख्य सड़क पर नालियों का गंदा पानी लगातार बहने से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को गांव के लोगों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है, जबकि संक्रामक बीमारियों और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार आकाश जायसवाल के घर के सामने दोनों ओर की नालियों का गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। नियमित सफाई न होने से स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
ग्रामीणों ने वर्ष 2025 की उस दर्दनाक घटना को भी याद किया, जब इसी मार्ग पर सड़क पर फैले पानी के कारण हुए हादसे में सीताराम उर्फ मोछू साहनी की जान चली गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम किया था और प्रशासन ने स्थायी समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन डेढ़ वर्ष बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि इसके बाद भी इस मार्ग पर कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाए जाने के बावजूद गांव की सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में आकाश जायसवाल, राजेंद्र, रामनरेश, जवाहिर पाल, पप्पू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में नालियों की सफाई, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

ग्रामीणों का सवाल है कि क्या प्रशासन किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, या फिर इस बार समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान होगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *