गैलन में डीजल न मिलने पर भड़के किसान, घुघली-सिसवा मार्ग पर लगाया जाम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी

महराजगंज, 28 मई 2026।  घुघली थाना क्षेत्र के सिसवा-घुघली मार्ग स्थित माँ भगवती किसान सेवा केंद्र (इंडियन ऑयल) पेट्रोल पंप पर गैलन में डीजल न दिए जाने को लेकर गुरुवार को किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज किसानों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया।

प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि गांवों में अधिकांश किसान खेतों में सिंचाई के लिए पंपसेट का उपयोग करते हैं। खेत पेट्रोल पंप से काफी दूरी पर होने के कारण डीजल ले जाने के लिए गैलन ही एकमात्र सहारा है। किसानों ने आरोप लगाया कि पंप पर गैलन में डीजल देने से मना कर दिया गया, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है और किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

किसानों का कहना था कि इस समय खेती और सिंचाई का कार्य तेजी से चल रहा है। ऐसे में डीजल नहीं मिलने से फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए गैलन में डीजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही घुघली नगर चौकी इंचार्ज शिवम राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। काफी समझाने-बुझाने के बाद किसानों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं किसानों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *