तालाब में मिला लापता किशोरी का शव, डूबने से मौत की आशंका

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


सोमवार से घर से थी गायब, फोरेंसिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव


ठूठीबारी (महराजगंज)। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के चटिया गांव में मंगलवार को एक 16 वर्षीय किशोरी का शव गांव के पीछे स्थित तालाब में मिलने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार से लापता किशोरी की तलाश कर रहे परिजनों को उस समय गहरा सदमा लगा, जब तालाब में उतराता शव उसकी पहचान के रूप में सामने आया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, चटिया गांव निवासी रुक्मिणी की पुत्री रिषा (16) सोमवार दोपहर घर से कूड़ा फेंकने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी की जानकारी दी गई।


मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के पीछे स्थित तालाब में एक किशोरी का शव उतराता देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह, क्षेत्राधिकारी निचलौल रविंद्र सिंह तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया, जहां उसकी पहचान लापता रिषा के रूप में हुई।


शव की पहचान होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। बताया जाता है कि रिषा के पिता का करीब तीन वर्ष पहले निधन हो चुका है। वह अपने भाई-बहनों में चौथे स्थान पर थी।


पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *