परतावल में पति-पत्नी विवाद ने पकड़ा तूल, सड़क पर भिड़े दोनों पक्ष

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद बुधवार को सड़क पर हंगामे में बदल गया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए सभी को चौकी ले जाकर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार परसा बुजुर्ग निवासी पार्वती (32) पत्नी लालबहादुर का अपने पति से काफी समय से विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि उसका पति उस पर बेवजह शक करता है और आए दिन प्रताड़ित करता है। पार्वती पिछले तीन माह से श्यामदेउरवा क्षेत्र में अलग रह रही है तथा पति के साथ रहने से इंकार कर चुकी है।


बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे लालबहादुर अपनी तीन बहनों जड़ावती, निर्मला और इंद्रावती के साथ कप्तानगंज मार्ग पर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों का आमना-सामना हो गया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। सड़क पर अचानक शुरू हुई मारपीट से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


सूचना मिलने पर पहुंची परतावल पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और सभी संबंधित लोगों को चौकी ले आई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार लोगों का शांतिभंग की धारा में चालान किया है।


थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा था। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *