हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र में पैतृक जमीन पर मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य के दौरान विपक्षी मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए काम रुकवा दिया। विरोध करने पर जान से मारने तथा गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अवधेश कुमार वर्मा अपनी पुस्तैनी जमीन पर मकान निर्माण के लिए नींव खुदवा रहे थे। इसी दौरान उनके पट्टीदार मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए माहौल तनावपूर्ण बना दिया।
विवाद बढ़ने पर पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। हालांकि, आरोपी पक्ष ने लगाए गए आरोपों से इनकार किया है।
पीड़ित ने अपने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे गोली मारने की धमकी दी गई, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है। पीड़ित के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद भी चल रहा है। वर्ष 2015 में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसका मुकदमा वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चौकी इंचार्ज जखीरा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

