धानी क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भारी भीड़, डीजल-पेट्रोल के लिए रातभर लाइन में खड़े किसान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। जिले के धानी क्षेत्र में इन दिनों डीजल और पेट्रोल को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। पेट्रोल पंपों पर सुबह से देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। खासकर किसानों को खेती-किसानी के कार्यों के लिए डीजल नहीं मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


हालांकि जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारी लगातार यह दावा कर रहे हैं कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। वैश्विक स्तर पर बिगड़ते हालातों के बीच जिले में ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चाएं तेज हैं, जिससे लोगों में असमंजस और चिंता बढ़ गई है।


धानी क्षेत्र के किसानों का कहना है कि उन्हें रात-रात भर पेट्रोल पंपों पर लाइन लगाकर डीजल और पेट्रोल का इंतजार करना पड़ रहा है। कई किसानों ने बताया कि समय पर डीजल न मिलने से सिंचाई और खेती के अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं।


समाजवादी पार्टी के नेता रमेश सैनी ने आरोप लगाया कि धानी क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालक जानबूझकर अव्यवस्थित ढंग से वितरण कर रहे हैं, जिससे भीड़ बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि धानी क्षेत्र में दो तथा बांग्ला चौराहे पर एक पेट्रोल पंप संचालित है। यदि पूर्व की भांति व्यवस्थित तरीके से ईंधन वितरण किया जाए तो स्थिति सामान्य हो सकती है और लोगों को राहत मिलेगी।


स्थानीय नागरिक विश्व विजय तिवारी ने कहा कि डीजल की कमी किसानों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। खेतों की सिंचाई और कृषि कार्य बाधित होने से किसान चिंतित हैं। वहीं समाजसेवी सर्वेश राय एडवोकेट ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर व्यवस्था सुधारने की मांग की है।


फिलहाल धानी क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल को लेकर हाहाकार की स्थिति बनी हुई है और आमजन के साथ-साथ किसान भी राहत मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

धानीक्षेत्र के पेट्रोल पम्प की स्थिति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *