अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, संयुक्त टीम ने ट्रैक्टर किया सीज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंदुरिया पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया। कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।


जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर शनिवार को नायब तहसीलदार निचलौल पीयूष जायसवाल एवं थानाध्यक्ष सिंदुरिया विशाल कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ ग्राम जगदौर पहुंचे। यहां मिट्टी खनन की सूचना पर जांच की गई तो एक ट्रैक्टर मौके पर खनन कार्य में लगा मिला। टीम द्वारा चालक से वाहन और खनन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।


इसके बाद ट्रैक्टर संख्या UP56AU4075 को कब्जे में लेकर थाना सिंदुरिया लाया गया और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया। मामले की रिपोर्ट खनन विभाग को भेज दी गई है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


इस संयुक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मनीष सिंह एवं कांस्टेबल कृष्ण कुमार मौर्य भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *