कोल्हुई (महराजगंज)। कोल्हुई थाना क्षेत्र के मैनहवा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैनहवा गांव निवासी शांति देवी बुधवार सुबह रोज की तरह पशुओं को चारा डालने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में चार्जिंग पर खड़े एक ई-रिक्शा के संपर्क में आते ही उन्हें तेज करंट का झटका लगा। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के चलते ई-रिक्शा के बाहरी हिस्से में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची कोल्हुई पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। ई-रिक्शा में करंट आने के कारणों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

