मां का हो चुका है निधन, पिता पुणे में रहते हैं; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवा गांव में सोमवार शाम एक 15 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दशरथ यादव की 15 वर्षीय पुत्री रागिनी यादव घर के कमरे में फंदे से लटकी मिली। रागिनी के पिता रोजगार के सिलसिले में पुणे में रहते हैं।
उसकी मां का निधन पिछले वर्ष हो चुका था। वह अपने बाबा रामजी यादव और दादी गीता देवी के साथ गांव में रहती थी। घटना के समय उसके बाबा-दादी खेत गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने रागिनी का शव फंदे से लटका देखा, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

