परतावल के कपड़ा व्यवसायी ने कक्षा नौ में कराया था दाखिला, गोरखपुर पहुंचते ही आया फोन, पूरे कस्बे में शोक की लहर
परतावल/ महाराजगंज। बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद लेकर परतावल के कपड़ा व्यवसायी सतीश जायसवाल सोमवार सुबह अपने 15 वर्षीय पुत्र श्याम जायसवाल को सुल्तानपुर स्थित एक प्रतिष्ठित आवासीय गुरुकुल में दाखिला दिलाने पहुंचे थे। प्रवेश की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्होंने बेटे को हॉस्टल में छोड़ा, पढ़ाई में मन लगाने की सीख दी और महराजगंज के लिए रवाना हो गए। लेकिन कुछ ही घंटों बाद आई एक सूचना ने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल निवासी सतीश जायसवाल गोरखपुर के पास पहुंचे ही थे कि गुरुकुल प्रशासन का फोन आया। उन्हें तत्काल वापस बुलाया गया। अचानक आए फोन से वह घबरा गए और तुरंत सुल्तानपुर लौटे। वहां पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उनका पुत्र श्याम हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला है। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम एवं अन्य औपचारिकताओं के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार शव लेकर महराजगंज के लिए रवाना हुआ और रास्ते में ही अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां समेत सभी स्वजन गहरे सदमे में हैं और किसी को इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा।
श्याम की असामयिक मृत्यु की खबर जैसे ही परतावल पहुंची, पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापारी, रिश्तेदार, मित्र और शुभचिंतक लगातार परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। बाजार में दिनभर इसी दर्दनाक घटना की चर्चा होती रही। लोगों का कहना है कि जिस बेटे को सुबह बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ गुरुकुल छोड़ा गया था, उसी के निधन की खबर शाम तक मिल जाना पूरे क्षेत्र के लिए बेहद पीड़ादायक और स्तब्ध कर देने वाली घटना है।

