हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवा बुर्जुग स्थित श्मशान घाट से बीती रात अज्ञात चोर तीन पुराने पेड़ काटकर उठा ले गए। सोमवार सुबह जब ग्रामीण श्मशान घाट पहुंचे तो पेड़ों के कटे हुए तने देखकर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों के अनुसार श्मशान घाट की ग्राम समाज की भूमि पर वर्षों पुराने पेड़ लगे हुए थे। रात के अंधेरे में चोर आरी समेत अन्य औजारों की मदद से पेड़ों को काटकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्मशान घाट की भूमि पर न तो चारदीवारी है और न ही रात के समय किसी प्रकार की निगरानी की व्यवस्था है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। ग्रामीणों ने श्मशान घाट की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल और नियमित निगरानी की व्यवस्था कराने की मांग भी उठाई है।सूचना मिलने पर भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
वहीं, वन विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि सरकारी अथवा ग्राम समाज की भूमि से बिना अनुमति पेड़ काटना दंडनीय अपराध है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

