राशन लदी ट्रॉली रोकने पर बवाल, कोटेदार ने पुलिस पर लगाए अभद्रता और धनउगाही के आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


भिटौली/महराजगंज।भिटौली थाना क्षेत्र के पीपरपाती तिवारी गांव में राशन वितरण के लिए जा रही खाद्यान्न लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस द्वारा रोकने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कोटेदार और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है।


जानकारी के अनुसार बरियारपुर निवासी कोटेदार फारुख खान, बरियारपुर के साथ-साथ पीपरपाती तिवारी गांव में भी सरकारी राशन वितरण का कार्य करते हैं। रविवार सुबह करीब 10 बजे वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से खाद्यान्न लेकर पीपरपाती तिवारी जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान भिटौली थाने के उपनिरीक्षक सच्चिदानंद तथा कांस्टेबल राजमोहन यादव और रवि सिंह ने वाहन को रास्ते में रोक लिया।

बताते नजर आ रहे हैं कि खाद्यान्न गांव में वितरण के लिए ले जाया जा रहा है और वितरण 25 मई से होना है। इसके बावजूद पुलिसकर्मी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी उच्चाधिकारियों की जांच के बाद ही गाड़ी छोड़ने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।


कोटेदार फारुख खान ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और वाहन छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। हालांकि आरोपों की पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।


घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वायरल वीडियो के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फिलहाल वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। जानकारी मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *