हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगे कूदे दोनों, पुलिस जांच में जुटी
महराजगंज। नौतनवां थाना क्षेत्र के नईकोट टोला महुवारी गांव के पास रेलवे पटरी पर एक युवक और युवती का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना संपतिहा चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस (15106) महुआरी ढाले से लगभग 100 कदम दूर एक युवक और एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत के शिकार हो गए। युवक की पहचान भगीरथपुर निवासी के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान के प्रयास जारी हैं।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रेन चालक ने आरपीएफ फरेंदा को बताया कि युवक और युवती पटरी के पास बैठे हुए थे और ट्रेन के नजदीक आते ही उसके सामने कूद पड़े, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

