फरेन्दा/महराजगंज। फरेन्दा तहसील के धानी क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। भीषण गर्मी के बीच विद्युत आपूर्ति बाधित होने से आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा निर्धारित शेड्यूल का सही ढंग से पालन नहीं किया जा रहा है और कर्मचारियों द्वारा मनमानी कटौती की जा रही है।
बताया जा रहा है कि दिन में कई बार बिजली काटी जा रही है, वहीं रात के समय भी लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात में अंधेरा छा जाने से चोरी जैसी घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
इसी समस्या को लेकर स्थानीय भाजपा नेता नीतेश मिश्रा ने सोमवार को अधिशासी अभियंता फरेन्दा को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर निर्धारित शेड्यूल के अनुसार नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

