सोनरा सिसवनियां में मिट्टी माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


सीओ सदर की छापेमारी से मचा हड़कंप, शाम होते ही फिर शुरू हुआ अवैध खनन


महराजगंज। सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत सोनरा सिसवनियां में शनिवार को अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम की अगुवाई में हुई छापेमारी से खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि कार्रवाई के कुछ घंटों बाद ही दोबारा खनन शुरू होने की चर्चा ने प्रशासनिक सख्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के तहत शनिवार सुबह करीब 11:20 बजे सीओ सदर अंकुर गौतम प्रशासनिक टीम के साथ सोनरा सिसवनियां के सिवान क्षेत्र में पहुंचे। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर एक जेसीबी मशीन और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मिट्टी खनन में लगी मिलीं। अधिकारियों को देखते ही कई चालक वाहन हटाने लगे, जबकि कुछ लोग मौके से फरार हो गए। प्रशासन ने तत्काल खनन कार्य रुकवाकर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।


कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक खनन पूरी तरह बंद रहा, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि शाम ढलते ही कुछ दूरी पर फिर लोडर मशीन के जरिए मिट्टी खनन शुरू कर दिया गया। इससे यह सवाल उठने लगा है कि प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद मिट्टी माफिया आखिर किसके संरक्षण में बेखौफ होकर काम कर रहे हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ खेतों और ग्रामीण संपर्क मार्गों को भी भारी क्षति हो रही है। लगातार हो रही खुदाई से कृषि भूमि का स्वरूप बदल रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।


सीओ सदर अंकुर गौतम ने कहा कि अवैध खनन की शिकायत पर निरीक्षण किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *