वार्ड-11 में जलभराव से लोग परेशान, समाधान न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

महराजगंज। परतावल नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11, स्वतंत्रता सेनानी नगर में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। साधु मद्धेशिया से अब्दुल्ला के घर तक का इलाका पिछले दो वर्षों से बारिश के दौरान तालाब में बदल जाता है। नाली पर अवैध कब्जे और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से समस्या गंभीर होती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यही कारण है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और ब्लॉक रिसोर्स सेंटर तक आने-जाने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक बुजुर्ग महिला पानी में फिसलकर गंभीर रूप से घायल भी हुईं।

निवासी दिनेश मद्धेशिया, कौशल्या देवी, खदरू, पूनम, गुड़िया, आकाश, विनोद शर्मा, सिंटू मद्धेशिया, दीपक मद्धेशिया, मुन्नी, नूरजहां और लतीफ मोहम्मद ने बताया कि बारिश होते ही सड़कें तालाब जैसी हो जाती हैं और गंदा पानी घरों में घुस आता है। वार्ड की निवासी कौशल्या देवी ने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो लोग आंदोलन करेंगे।

नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने स्वीकार किया कि जल निकासी की जगह पर अवैध कब्जा हुआ है। वहीं, वार्ड के सभासद प्रतिनिधि कृष्णा महाजन ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव पास हो चुका है और बारिश खत्म होने के बाद काम शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *