जंगल के रास्ते आ रहे स्वर्ण व्यापारी से लूट, बदमाशों ने बेरहमी से पीटा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


दुकान बंद कर घर लौट रहे कारोबारी को बनाया निशाना, जेवरात और बाइक लेकर फरार


महाराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को रास्ते में रोककर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। हमलावरों ने व्यापारी की बेरहमी से पिटाई करने के बाद लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और उनकी बाइक लूट ली। घायल अवस्था में व्यापारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।


जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर बाजार निवासी रंजीत सोनी धनहिया चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह गुरुवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। मल्हनी और फुलवरिया के बीच जंगल के पास पहुंचते ही पहले से घात लगाए चार से पांच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश बाइक से पहुंचे थे और पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडों से हमला कर रंजीत सोनी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उनके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात तथा बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यापारी को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *