पत्नी से विवाद के बाद युवक ने हंसिए से काटा गला , हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में बुधवार की रात पारिवारिक कलह ने भयावह रूप ले लिया। पत्नी से विवाद के बाद एक व्यक्ति ने आवेश में आकर हंसिए से अपना गला काट लिया। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


जानकारी के अनुसार श्यामदेउरवां गांव निवासी मोहन (45) का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। मामला बढ़ने पर पत्नी शिकायत करने के लिए थाने की ओर चली गई। इसी दौरान गुस्से में आए मोहन ने घर में रखा हंसिया उठाया और अपने गले पर वार कर लिया।


गला कटते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवां पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भिजवाया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में उसके भाई सोहन और गांव के चौकीदार प्रहलाद की मदद ली।


सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया।


थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान व्यक्ति द्वारा खुद को घायल करने की सूचना मिली थी। मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *