गर्म कर मोड़ी जा रही थी सरिया, ठेकेदार को लगाई फटकार; गुणवत्ता से समझौता न करने की चेतावनी
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बड़हरा-बरईपार मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया में घटिया निर्माण सामग्री और मानकों की अनदेखी की शिकायत आखिरकार रंग लाई। मंगलवार को सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सरिया को गर्म कर मोड़े जाने की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई।
करीब दो माह से चल रहे पुलिया निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीण लगातार सवाल उठा रहे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिया की ढलाई धीमी गति से की जा रही है और निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा। स्थानीय लोगों ने यह भी शिकायत की थी कि सरिया को आग में गर्म कर मोड़ा जा रहा है, जिससे उसकी मजबूती प्रभावित हो सकती है।
शिकायत मिलने के बाद अधीक्षण अभियंता आलोक कुमार, अधिशासी अभियंता विपिन बिहारी सिंह, सहायक अभियंता तनु श्रीवास्तव तथा अवर अभियंता चंदन कुमार ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के समय पुलिया की छत के लिए सरिया बांधने का काम चल रहा था। अधिकारियों ने देखा कि मजदूर सरिया को गर्म कर मोड़ रहे थे, जिस पर उन्होंने तत्काल आपत्ति जताई और इस प्रक्रिया को तुरंत बंद कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुसार ही काम कराने की सख्त हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सहायक अभियंता तनु श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर जांच की गई थी। जांच में सरिया को गर्म कर मोड़ने की बात सही पाई गई, जिसके बाद ठेकेदार को कड़ी चेतावनी दी गई है और आगे का कार्य मानकों के अनुरूप कराने का निर्देश दिया गया है।

