फिंगर लगाने के बाद राशन नदारत, कोटवा में राशन वितरण पर सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


कोटेदार पर मनमानी का आरोप, महीनों से खाली हाथ लौट रहे गरीब परिवार

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल /महराजगंज। सरकार की महत्वाकांक्षी खाद्य सुरक्षा योजना ग्राम पंचायत कोटवा में दम तोड़ती नज़र आ रही है। यहां लाभार्थियों के फिंगरप्रिंट दर्ज होने के बावजूद तीन से छह माह से राशन न मिलने का मामला सामने आया है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और गरीब परिवारों की रोज़मर्रा की ज़रूरतें प्रभावित हो रही हैं।


ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के कोटेदार द्वारा फिंगर लगवाने के बाद भी अनाज नहीं दिया जा रहा, जबकि कागज़ों में नियमित वितरण दर्शाया जा रहा है। कई परिवार ऐसे हैं जिन्हें लगातार महीनों से सरकारी राशन का एक दाना भी नसीब नहीं हुआ।


पीड़ित ग्रामीण राम नरेश यादव का कहना है कि छह माह से राशन के लिए चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है। वहीं इंद्रावती देवी और किस्मती ने बताया कि फिंगरप्रिंट प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी उन्हें तीन माह से राशन नहीं मिला। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को सामूहिक रूप से विरोध दर्ज कराया।


ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता है, जिससे अधिकांश लोग खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं। स्थिति यह है कि मजदूर, बुजुर्ग और छोटे बच्चों वाले परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है।


मामले पर आपूर्ति निरीक्षक ब्रजेश पाण्डेय ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *