हाइटेंशन तार से किशोर की मौत के बाद NH-730 जाम, मैरिज हाल सीज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी

धानी बाजार/महराजगंज। फरेन्दा पुलिस सर्किल के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकंदराजीतपुर स्थित एक मैरिज हाल में हाइटेंशन तार की चपेट में आने से शनिवार को एक किशोर की मौत के मामले में रविवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मृतक दिव्यांशु यादव का शव रविवार देर शाम धानी बाजार पहुंचा, परिजनों ने शव को धानी चौराहे पर रखकर धानी-फरेंदा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-730) को जाम कर दिया। करीब दो घंटे से अधिक समय तक मार्ग बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।


मृतक की मां सुमित्रा, भाई प्रिंस व शिवांशु सहित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस मुख्य आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। उनका कहना था कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी फरेंदा शैलेन्द्र गौतम और क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने परिजनों व ग्रामीणों से वार्ता की। प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए इंदू पैलेस मैरिज हाल को सीज कर दिया और संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की बात कही।इसके बाद परिजन जाम समाप्त करने और शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।


इस दौरान तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा, नायब तहसीलदार अंकित अग्रवाल, थानाध्यक्ष बृजमनगंज सत्य प्रकाश सिंह, चौकी इंचार्ज धानी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *