चौपरिया में तेज रफ्तार का कहर: बोलेरो-बाइक भिड़ंत में युवक की हालत नाजुक, गोरखपुर रेफर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

भिटौली (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के चौपरिया गांव के समीप परतावल–पुरैना मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बोलेरो और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


मिली जानकारी के अनुसार पकड़ी दीक्षित निवासी जगलाल उर्फ लकड़ू (30), पुत्र गोमल, परतावल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चौपरिया के पास विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।


इस बीच एंबुलेंस के देरी से पहुंचने को लेकर परिजनों में नाराजगी देखी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि एंबुलेंस सेवा की सुस्ती के कारण मरीज को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।


फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *