हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
पनियरा, महराजगंज। विकासखंड पनियरा स्थित मन्नान खां इंटर कॉलेज में सोमवार को मेधावी छात्राओं के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा कुल 8 प्रतिभाशाली छात्राओं को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि इन छात्राओं को बीते 30 अप्रैल को जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में तत्कालीन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया जा चुका है।
विद्यालय का नाम रोशन करने वाली छात्राओं में कक्षा 12 आर्ट वर्ग में जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली आलम बानो को उनके पिता शहीद अहमद के साथ सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कक्षा 11 साइंस वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाली नेहा को उनके पिता इंद्र मणि के साथ सम्मान मिला।
कक्षा 11 आर्ट वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मरजीना को उनके पिता की अनुपस्थिति में उनकी बड़ी बहन ने सम्मान ग्रहण किया। वहीं अन्य मेधावी छात्राओं में अंशिका (द्वितीय, 11 आर्ट), सहाना खातून (12 आर्ट), बंदना गुप्ता (तृतीय, 11 साइंस), ज्योति यादव (तृतीय, 11 आर्ट) एवं निकिता यादव (तृतीय, 12 आर्ट) को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य आफताब आलम खां ने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के प्रबंधक आफाक आलम उर्फ सैफ खान ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों की मेहनत और समर्पण को दिया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के कई सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें देवीदीन, राजेश भारती, मोहम्मद सैफ खां, अब्दुल्ला, सुनील गुप्ता, राम नारायण सिंह, शिव नारायण वर्मा, उमेश शर्मा, हनुमान सिंह, पुष्पा गुप्ता, नूर चश्मी, रेखा चौरसिया, उपदेश चौरसिया एवं माया वर्मा सहित अन्य का सराहनीय सहयोग रहा।

