खबर का असर: दुर्गा मंदिर के पास जाम नाली की सफाई शुरू

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


दुर्गंध और जलभराव से परेशान ग्रामीणों को मिली राहत, प्रशासन ने लिया संज्ञान


सफाई के साथ मरम्मत की तैयारी, अधिकारियों ने दिए जल्द समाधान के निर्देश

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल /महाराजगंज। श्यामदेउरवा में दुर्गा मंदिर के समीप जाम नाली और गंदे पानी से फैली दुर्गंध की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। रविवार को मौके पर सफाई कार्य शुरू करा दिया गया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।


मालूम हो कि श्यामदेउरवा ग्राम पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर के बगल में लंबे समय से नाली जाम होने के कारण गंदा पानी जमा हो रहा था। इससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी और लोगों को आवागमन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। मामले के प्रकाश में आने के बाद संबंधित विभाग ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सफाई कर्मियों को मौके पर भेजा, जहां नाली की सफाई का कार्य शुरू कराया गया।


ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर पूर्व में कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। खबर प्रकाशित होने के बाद ही प्रशासन सक्रिय हुआ, जिससे लोगों में संतोष देखा जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों ने नाली की पूरी तरह मरम्मत कर स्थायी समाधान की मांग भी उठाई है।


इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी देवेंद्र पटेल ने बताया कि नाली की सफाई कराई जा रही है तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के लिए ग्राम प्रधान को निर्देशित किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *