पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचते ही भड़का आक्रोश, पुलिस-प्रशासन के समझने पर शांत हुआ मामला
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज: सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मोहनापुर टोला मठहिया में शनिवार को करंट लगने से 22 वर्षीय युवक की मौत के बाद रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और जोरदार प्रदर्शन किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद परिजन शांत हुए, जिसके बाद पुलिस की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक अमन पुत्र श्रीनिवास उर्फ सुभाष गांव के ही एक टेंट हाउस में काम करता था। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे वह सामान उतार रहा था। इसी दौरान पास में लगे ट्रांसफार्मर से लोहे का पाइप सट जाने से उसे तेज करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने बताया कि दो वर्ष पूर्व मुंबई में ट्रेन हादसे में उनके बड़े बेटे की भी मौत हो चुकी है। अब दूसरे बेटे के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आर्थिक तंगी के कारण अमन पढ़ाई छोड़कर मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था।
घटना की सूचना पर सिंदुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ व क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रशासन द्वारा काफी समझने के बाद जाम समाप्त कराया गया और बाद में पुलिस की देखरेख में गांव के पोखरे के पास शव का अंतिम संस्कार कराया गया। वहीं सिंदुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह शांतिपूर्ण है।

