शादी के नाम पर लाखों की ठगी, नकदी व जेवर बरामद; मुख्य आरोपी फरार
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 03 मई 2026। थाना सिन्दुरिया पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले “लुटेरी दुल्हन” गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से ₹39,500 नकद, एक जोड़ी पायल और एक मंगलसूत्र बरामद किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में चिउटहा बाजार के पास की गई।
उप
पुलिस के अनुसार, एटा निवासी रंजीत चौहान को 2 मई को शादी के नाम पर सिन्दुरिया क्षेत्र में बुलाया गया, जहां गिरोह ने अंजलिका को “पूजा” नाम से अविवाहित बताकर शादी तय कराई। मंदिर के पास रस्में शुरू कराकर आरोपियों ने खाने-पीने व शादी के नाम पर ₹1 लाख से अधिक की नकदी और जेवर ठग लिए।
घटना के दौरान आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिजनों के साथ मारपीट भी की, जिससे कई लोग घायल हो गए। इसके बाद मुख्य आरोपी जितेन्द्र अंजलिका को लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि अन्य महिलाएं भी धमकी देते हुए भाग निकलीं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और सुनियोजित तरीके से इस तरह की ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी जितेन्द्र की तलाश जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

