परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत श्यामदेउरवा में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पिता के ब्रह्मभोज के बाद बचे पैसों के हिसाब को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें दो भाइयों ने मिलकर तीसरे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर उसका कान काट दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राहुल अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिता के निधन के बाद ब्रह्मभोज के लिए परिवार में धन एकत्र किया गया था। कार्यक्रम के बाद करीब 23 हजार रुपये शेष रह गए थे।
शुक्रवार की शाम राहुल ने बचे पैसे से सभी भाइयों के उपयोग के लिए सीढ़ी बनवाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर उसके भाई राम अग्रवाल और श्याम अग्रवाल आक्रोशित हो उठे।
आरोप है कि दोनों ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान धारदार हथियार से गले पर वार किया गया। बचाव के प्रयास में राहुल का कान कटकर अलग हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह वह मौके से जान बचाकर निकला और उपचार कराने के बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के अनुसार, मामले की जांच जारी है और दोनों आरोपियों का शांति भंग में चालान किया जा चुका है।

