हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
पनियरा / महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र में सड़क पर खतरनाक बाइक स्टंट करने का एक मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोरीं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बाइक को जब्त कर लिया और युवती पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में युवती तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए हैंडल छोड़कर पैरों के सहारे संतुलन बनाती नजर आ रही है, जो न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि गंभीर हादसे को भी न्योता देता है। हालांकि, इस वीडियो की इस वायरल वीडियो पुष्टि महाराजगंज लाइव नहीं करता है।
मामले की जानकारी मिलते ही पनियरा पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। जांच में वीडियो सही पाए जाने के बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए बाइक को सीज कर दिया गया तथा भारी जुर्माना भी लगाया गया।
थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि इस तरह के स्टंट न केवल करने वाले व्यक्ति के लिए बल्कि आम राहगीरों के लिए भी बेहद खतरनाक होते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर किसी भी प्रकार के जोखिम भरे स्टंट से दूर रहें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

