पनियरा/महराजगंज : अनंतपुर मोथही गांव में पंचायत संबंधी शिकायतों की जांच के लिए पहुंची टीम के सामने ही एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। जांच के बीच शिकायतकर्ता के साथ कथित रूप से मारपीट की घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
गांव निवासी सुरेश यादव ने बीते दिनों पंचायत व्यवस्था में अनियमितताओं को लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। आरोपों में स्ट्रीट लाइट, मनरेगा कार्यों में गड़बड़ी, अधूरे विकास कार्य और पंचायत संसाधनों के दुरुपयोग जैसी बातें शामिल थीं। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उप निदेशक पंचायत, गोरखपुर मंडल ने जांच के लिए टीम गठित की थी।
बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को जब जांच टीम गांव पहुंचकर तथ्य जुटा रही थी, उसी दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने शिकायतकर्ता के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी।
घटना के बाद पीड़ित ने पनियरा थाने में तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घटना के वायरल वीडियो के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है।

