गो संरक्षण को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर बनी नई रणनीति, तीसरे चरण में गांव-गांव पहुंचेगा गो सम्मान आह्वान अभियान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पीतमपुरा में गो सम्मान आह्वान अभियान की दो दिवसीय केंद्रीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में देशभर से आए राज्य प्रभारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी तथा विभिन्न संत-महात्माओं ने भाग लेकर अभियान की अब तक की प्रगति की समीक्षा की और आगामी चरण की रूपरेखा तय की।

बैठक को संबोधित करते हुए मलूक पीठ धाम के परम पूज्य श्री राजेंद्र प्रसाद जी महाराज ने कहा कि गो सम्मान आह्वान अभियान जनसहभागिता पर आधारित एक शांतिपूर्ण राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसे देश के कोने-कोने से अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा की आधारशिला हैं तथा उनके संरक्षण के लिए समाज का व्यापक सहयोग मिलना उत्साहजनक है।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से जुटाए गए करोड़ों हस्ताक्षर देश में गौ संरक्षण के प्रति जनता की भावनाओं और प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसमर्थन और संत समाज के मार्गदर्शन से यह अभियान अपने उद्देश्य की दिशा में सफल होगा।



अभियान के जिला प्रभारी योगेश जायसवाल ने बताया कि पहले चरण में 5 करोड़ से अधिक तथा दूसरे चरण में 20 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर एकत्र किए गए। इन हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सभी राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को देश के लगभग 700 जिलों से प्रार्थना पत्र भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान का तीसरा चरण 17 दिसंबर से प्रारंभ होगा।

इस अभियान के तीसरे चरण में देश की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक अभियान पहुंचाया जाएगा और 51 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद प्रत्येक राज्य की राजधानी में गौ प्रेमी एकत्र होकर मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *