सरदार वल्लभभाई पटेल पीजी कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
हर्षोदय टाइम्स/ कौशल श्रीवास्तव
परतावल/महराजगंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल पीजी कॉलेज में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया और स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. रामदरश मिश्र ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत एवं जीवन संतुलित रहता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से प्रतिदिन योग करने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उनके शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने “करें योग, रहें निरोग” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर किरण गुप्ता, स्नेह प्रभा, ओंकार कुमार, मनोज पांडेय, द्वारिका शर्मा एवं धनंजय चौहान सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।



