सुबह से शराब बिक्री,ओवररेटिंग व मिलावटी पैकिंग के आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

रामपुर बल्डीहा की कम्पोजिट शराब दुकान पर उठे सवाल, जांच की मांग तेज

हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय


महराजगंज । घुघली थाना क्षेत्र के रामपुर बल्डीहा स्थित कम्पोजिट शराब की दुकान पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय ग्राहकों ने आरोप लगाया है कि दुकान पर निर्धारित समय से पहले ही सुबह करीब 8 बजे से शराब की बिक्री शुरू कर दी जाती है, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।


ग्राहकों के अनुसार दुकान पर ओवररेटिंग का भी खेल चल रहा है। 390 रुपये की बोतल के लिए 400 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि कुछ मामलों में 30 रुपये तक अधिक कीमत लेने की बात भी सामने आई है। लोगों का यह भी कहना है कि दुकान का मुनीब सुबह जल्दी पहुंचकर बिक्री शुरू कर देता है।


आरोप यह भी है कि दुकान पर संदिग्ध तरीके से शराब की पैकिंग की जा रही है। ग्राहकों का दावा है कि शाम के समय मिलावटी या तैयार की गई पैकिंग दी जाती है, जिससे गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा मुनीब द्वारा पानी व गिलास की अलग से बिक्री किए जाने की भी बात कही गई है।


ग्राहकों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि शिकायत या विरोध करने पर उन्हें धमकाकर भगा दिया जाता है, जिससे लोग खुलकर सामने आने से बच रहे हैं।


मामले को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि अवैध बिक्री और ओवररेटिंग पर रोक लगाई जा सके।


इस संबंध में जिला आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *