स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार हटाने के निर्देश, शिकायत निस्तारण पर डीएम सख्त

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 30 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें विद्युत वितरण, नए कनेक्शन, बिल वसूली, पीएम सूर्यघर योजना तथा आईजीआरएस/जन शिकायतों के निस्तारण सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि सरकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के भवनों व परिसर के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को शीघ्र हटाया जाए। इस पर अधिशासी अभियंता आनंदनगर ने बताया कि कई विद्यालयों के लिए आगणन भेजा जा चुका है और कार्यवाही प्रस्तावित है। डीएम ने प्रबंधकीय विद्यालयों की भी जांच कर आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा जिला विद्यालय निरीक्षक से माध्यमिक विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।


जिलाधिकारी ने सड़कों के ऊपर से गुजर रहे ढीले और झूलते तारों को तत्काल ठीक कराने पर जोर देते हुए कहा कि जर्जर पोल और तार दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए इस दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।


आईजीआरएस/जन शिकायतों की समीक्षा में 109 में से 76 शिकायतकर्ताओं के असंतुष्ट पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण से पूर्व मौके का निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए।


पीएम सूर्यघर योजना के संबंध में डीएम ने नेडा विभाग से समन्वय कर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने विद्युत उपकेंद्रों व कार्यालयों पर आने वाले उपभोक्ताओं को योजना के लाभों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए और बताया कि यह योजना बिजली खर्च कम करने के साथ अतिरिक्त आय का अवसर भी प्रदान करती है।


स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए उन्होंने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। कहा कि स्मार्ट मीटर से बिल में कमी आई है, लेकिन लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है।


बैठक में विद्युत कनेक्शन, लंबित मांग, बिल वसूली और आरसी की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। अधिशासी अभियंता ने बताया कि जनपद में 24 विद्युत उपकेंद्र संचालित हैं और मांग के अनुसार आपूर्ति सुचारु है। साथ ही यूईएचएच योजना के तहत छह कनेक्शन होने पर पोल और तार की व्यवस्था सरकारी खर्च पर किए जाने की जानकारी दी गई।


इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता चन्द्रेश उपाध्याय, अधिशासी अभियंता निचलौल देवेन्द्र सिंह, एसडीओ कृष्ण मुरारी शुक्ला, दीपक कुमार सिंह तथा नेडा अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *