पनियरा के सोहास में आयोजित हुआ स्वास्थ्य शिविर, 138 ग्रामीणों की हुई जांच

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



टीबी अभियान के तहत एक्स-रे, शुगर-बीपी जांच और आयुष्मान कार्ड सुविधा एक ही स्थान पर


महराजगंज जनपद के पनियरा क्षेत्र स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर सोहास में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष शिविर का आयोजन किया गया। 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अधिदेव कश्यप के निर्देशन में हुआ, जबकि अध्यक्षता प्रधान प्रतिनिधि सतीस सिंह ने की।


शिविर में कुल 138 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें बीपी, शुगर सहित अन्य जरूरी जांचें शामिल रहीं। टीबी की पहचान को ध्यान में रखते हुए 112 मरीजों का एक्स-रे भी कराया गया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही दवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिल सके।


इसके साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, ताकि भविष्य में उन्हें निशुल्क उपचार का लाभ मिल सके। स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।


शिविर को सफल बनाने में बीसीपीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसटीएस अजीत कुमार, सीएचओ दीपक कुमार, कुंवर आनंद सिंह, सौरभ कुमार, आकांक्षा रंजन, एएनएम प्रेमलता सिंह, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा पंचायत सहायक पूजा सिंह की अहम भूमिका रही।


प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अधिदेव कश्यप ने बताया कि जिन गांवों में टीबी के मरीज अधिक चिन्हित हो रहे हैं, वहां चरणबद्ध तरीके से ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *