नाली जाम से दुर्गा मंदिर क्षेत्र बेहाल, बदबू से श्रद्धालु भी परेशान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


कई शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, शादी-विवाह के मौसम में ग्रामीणों का बढ़ा आक्रोश

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा ग्राम पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर के समीप नाली जाम होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नाली ध्वस्त होने के कारण गंदा पानी सड़क किनारे जमा हो गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही है। इसका असर न केवल स्थानीय लोगों पर पड़ रहा है, बल्कि मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु भी असहज महसूस कर रहे हैं।


यह मार्ग रामपुर चकिया होते हुए कुशीनगर जनपद को जोड़ता है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीरों का आवागमन रहता है। लेकिन बदबू और गंदगी के कारण लोगों को मजबूरी में नाक ढंककर गुजरना पड़ रहा है।

समाजसेवी राजकुमार सिंह


ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। समाजसेवी राजकुमार सिंह का कहना है कि मंदिर जैसे आस्था के केंद्र के पास इस तरह की गंदगी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे श्रद्धालुओं की आस्था भी प्रभावित हो रही है।

पुजारी सच्चिदानंद पाण्डेय


वही मंदिर के पुजारी सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि दुर्गंध के चलते पूजा-पाठ में भी व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या को नजरअंदाज किया गया।


स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, ऐसे में यदि साफ-सफाई रहती तो मंदिर परिसर में मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते थे। लेकिन वर्तमान स्थिति के चलते लोग यहां आयोजन करने से बच रहे हैं।


इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी देवेंद्र पटेल ने बताया कि नाली की सफाई जल्द कराई जाएगी और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के लिए ग्राम प्रधान को निर्देशित किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या का समाधान शीघ्र कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *