परतावल/ महराजगंज। विकासखंड परतावल अंतर्गत रानीपुर रजवाहा नहर में हुए कटान ने क्षेत्र के किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। नहर का पानी आसपास के खेतों में फैल जाने से ग्राम पंचायत श्यामदेउरवा के कई किसानों की कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में हुए इस जलभराव से खेती-किसानी का काम प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय किसानों राजकुमार, रामसजन, रामनगीना, गुलाब, सुरेंद्र और सुरेश सहित अन्य किसानों ने बताया कि नहर कटने के बाद लगातार पानी खेतों में घुस रहा है। इससे कई बीघे भूमि में पानी भर गया है और धान की रोपाई का कार्य ठप पड़ गया है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही कटान नहीं रोका गया तो तैयारियों पर पानी फिर सकता है और उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से तत्काल प्रभाव से कटान बंद कराने और नहर की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान ऐसी समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाता।
उधर, सिंचाई विभाग के अवर अभियंता अजीत कुमार ने बताया कि नहर कटने की सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा, ताकि खेतों में पानी का फैलाव रोका जा सके और किसानों को राहत मिल सके।
धान की रोपाई के मौसम में आई इस समस्या ने क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं।

