पनियरा नगर पंचायत में चेयरमैन और कर्मचारी आमने-सामने, दोनों पर मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। पनियरा नगर पंचायत में चेयरमैन उमेश चंद जायसवाल और कार्यालय सहायक दिग्विजय सिंह के बीच विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ग्राम सोहास निवासी कार्यालय सहायक दिग्विजय सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 24 अक्टूबर को वे कार्यालय में उपस्थिति दर्ज करने के बाद जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र की जांच के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान चेयरमैन उमेश जायसवाल आए और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उनके हस्ताक्षर काट दिए, जिससे उन्हें गैरहाजिर घोषित कर दिया गया।

दिग्विजय का कहना है कि जब उन्होंने चेयरमैन से इसका कारण पूछा, तो उन्होंने न केवल अपशब्द कहे बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे दो कर्मचारियों विकेंद्र कुमार और श्रवण को भी जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया।

वहीं, दूसरी ओर चेयरमैन उमेश चंद जायसवाल ने भी दिग्विजय सिंह के खिलाफ दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए पहले ही तहरीर दी थी, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। नगर पंचायत में चेयरमैन और कर्मचारी के बीच यह टकराव अब चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *